भोपाल 08 जनवरी 2025 - भेल थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरीकलां में गांव के बाहर बने श्मशान घाट पर कुछ तांत्रिक आधी रात को जलती चिता के पास तंत्र क्रिया करने पहुंचते थे। इससे ग्रामीण परेशान हो गए थे। हाल ही में एक बाबा को गांव के लोगों ने पकड़ कर पुलिस को भी सौंपा था। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए उसे थाने से छोड़ दिया था। अंतत: शमसान घाट पर निगरानी रखने के लिए गांव के लोगों ने वहां CCTV लगा दिया है।
खजूरीकला के किसान प्रदीप सिंह ने बताया कि श्मशान घाट का रखरखाव गांव की समिति ही रुपये जुटाकर करती है। यहां प्रति सप्ताह दो से तीन लोगों की अंत्येष्टि की जाती है। पिछले डेढ़ वर्ष में कई बार स्वजन जब अस्थिसंचय के लिए पहुंचते थे, तो वहां तंत्र क्रिया किए जाने के साक्ष्य मिलते थे। वहां काले कपड़े से बने छोटे-छोटे पुतले, नीबू, सिंदूर आदि पड़ा मिलता था। इससे गमगीन परिवार की भावनाएं काफी आहत होती थी।
इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए गांव के लोगों ने रात के समय वहां निगरानी भी रखना शुरू कर दी थी, लेकिन किसी को पकड़ने में सफलता नहीं मिली थी।
30-31 दिसंबर (अमावस्या) की रात में ग्रामीणों ने जलती चिता के पास तांत्रिक क्रिया करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। श्मशान घाट में एक CCTV लगा दिया गया है। समिति मोबाइल फोन के माध्यम से रात के समय श्मशान घाट पर निगरानी रखेगी।