Back to News

गुटखा खाकर घर मे थूकती थी पत्नी , पति के मना करने पर किया यह कांड , मामला पंहुचा थाने

गुटखा खाकर घर मे थूकती थी पत्नी , पति के मना करने पर किया यह कांड , मामला पंहुचा थाने
बरेली 14 सितंबर 2024 - शादी के बाद पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़े की खबरें आती हैं, लेकिन यूपी के बरेली से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर सभी हैरान रह गए। एक महिला बेहिसाब गुटखा खाती थी। गुटखा खाने के बाद महिला घर में जगह-जगह थूकती थी। घर में फैली गंदगी देखकर पति को बर्दाश्त नहीं हुआ। 

पति ने गुटखा खाने का विरोध किया, इस पर पत्नी गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उसने ईंट मारकर अपने ही पति की नाक तोड़ डाली। इसके बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ने थाने में अपनी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव बंडिया का है। 

यहां के रहने वाले असीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी शमा रोजाना हद से ज्यादा गुटखा खाती है। गुटखा खाने के बाद घर में इधर-उधर थूकती रहती है। पति का आरोप है कि पत्नी के गुटखा खाकर थूकने की वजह से घर की दीवारें खराब हो गई हैं। उसने बताया कि पत्नी को वह जब भी थूकने के लिए मना करता है तो वह मारपीट शुरू कर देती है। कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। 

दस सितंबर को उन्होंने पत्नी को इसके लिए समझाया तो उसने ईंट मारकर पहले उसकी नाक तोड़ी, इसके बाद उनका सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं पत्नी शमा ने उनकी मां और पिता से भी मारपीट की। जैसे-तैसे घर से बाहर आकर अपनी जान बचाई।