शाजापुर 12 जनवरी 2025 - सरकार मुगल सल्तनत के दौर के गांवों के नाम भी बदलती जा रही है। उज्जैन में ऐसे तीन गांवों के नाम बदलने के बाद अब मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील क्षेत्र के 11 नामों को बदलने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को कालापीपल में आयोजित एक कार्यक्रम में मोहम्मदपुर मछनाई गांव को मोहनपुर , ढाबला हुसैनपुर को ढाबला राम , मोहम्मदपुर पंवाड़िया को रामपुर पंवाड़िया , खजुरी अलाहबाद को खजूरीराम, हाजीपुर को हीरापुर के नाम से जाना जाएगा। निपानिया हिसामुद्दीन को निपानिया देव, रिछड़ी मुरादाबाद को रिछड़ी, खलीलपुर को रामपुर, उंचोद को उंचावद, घट्टी मुख्तयारपुर को घट्टी और शेखपुर बोंगी गांव को अवधपुरी का नाम दिए जाने की घोषणा कर दी।
सूत्रों का कहना है कि प्रदेश सरकार मध्य प्रदेश के और भी कई जिलों के ऐसे गांव के नाम बदलेगी, जो मुगल सल्तनत के हैं या मुगल सल्तनत की याद दिलाते हैं।
बता दें कि इससे पूर्व 05 जनवरी को CM मोहन यादव ने अपने गृह जिले उज्जैन के भी तीन गांव के नाम बदलने की घोषणा की थी। यहां उन्होंने गजनीखेड़ी गांव को चामुंडा महानगरी, मौलाना गांव को विक्रम नगर और जहांगीरपुर गांव को जगदीशपुर नाम दिया था।