Back to News

छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा चक्रवाती तूफान 'DANA' का असर , IMD ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा चक्रवाती तूफान 'DANA' का असर , IMD ने जारी किया अलर्ट
रायपुर 25 अक्टूबर 2024 - चक्रवाती तूफान "DANA" का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलने के आसार हैं। साथ ही शनिवार यानी कि 26 अक्टूबर को बारिश का क्षेत्र मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ रहेगा। यहां एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावनाएं बन रही हैं। 

शुक्रवार को मौसम आंशिक मेघमय रहने के आसार हैं और शाम रात तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम और उससे लगे मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रबल चक्रवाती तूफान "दाना" 25 अक्टूबर की सुबह तक पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को भितरकनिका और धामरा (ओडिशा) के करीब पार करने की संभावना है। 

इसमें हवा की अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की सम्भावना है। इसके प्रभाव से आज प्रदेश के उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।