अमरोहा 31 अक्टूबर 2024 - अमरोहा में 30 साल की महिला प्रिंसिपल ने सुसाइड कर लिया। उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। प्रिंसिपल की 24 घंटे पहले शादी तय हुई थी, तब से वो परेशान थीं। बुधवार सुबह सोकर उठीं। नाश्ता करने के बाद अपने कमरे में चली गईं। सुबह 10 बजे मां खाने के लिए बुलाने गईं। दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांक कर देखा तो प्रिंसिपल का शव दुपट्टे से लटक रहा था।
बेटी का शव देखकर चीखने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामला गंगानगर मोहल्ले का है। महिला की तैनाती संभल के गांव दवोई कलां के जूनियर हाईस्कूल में थी।
मृतिका की मां ने बताया कल मेरठ से लड़के वाले बेटी को देखने आए थे। तभी से वह परेशान चल रही थी। हमने उससे इसके बारे में पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। हमने बेटी से कहा था कि अगर रिश्ता मंजूर न हो, तो कैंसिल कर दें। आज सुबह से परेशान थी। चाय-नाश्ता कर अपने कमरे में चली गई।
मां ने बताया, मुझे लगा कि बेटी ऐसे ही कमरे में गई होगी। जब काफी देर कमरे से नहीं निकली, तो मैं उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई। हमने दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने नहीं खोला। खिड़की से देखा तो बेटी का शव फंदे से लटक रहा था।
गजरौला थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया- युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। हर एंगल पर जांच की जा रही है।