Back to News

रेल हादसा - मालगाड़ी पटरी से उतरी , बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग हुआ प्रभावित , सुधार कार्य जारी

रेल हादसा - मालगाड़ी पटरी से उतरी , बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग हुआ प्रभावित , सुधार कार्य जारी
शहडोल 04 नवम्बर 2024 - शहडोल रेलवे यार्ड से निकल रही एक मालागाड़ी रविवार दोपहर बेपटरी हो गई। हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। गिट्टी लोड मालगाड़ी (बीओबी) रेल यार्ड से मेन लाइन की ओर बढ़ी। तभी अचानक पोंडा नाला के पास एक-एक करके मालगाड़ी के 4 डिब्बे पटरी से उतरते चले गए। इस हादसे में कुछ डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए है। 

घटना के बाद स्थानीय रेल प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। ट्रेन को पटरी पर लाने के लिए मशीन बुलाई गई हैं। हादसे के बाद अप लाइन सहित थर्ड लाइन प्रभावित हो गया है। इस कारण बिलासपुर से चलकर कटनी की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन को बुढार रेलवे स्टेशन में पिछले 2 घंटे से रोका गया है। 

इसी प्रकार अन्य रेलवे स्टेशन में भी ट्रेन को रोका जा रहा है। शहडोल रेलवे स्टेशन के ARM आर.एस. मोहंती ने बताया कि बीओबी ट्रेन बेपटरी कैसे हुई इसकी जांच की जाएगी। पहले सुधार कार्य जारी है। अप और डाउन रेलवे लाइन को क्लियर कराया जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।