Back to News

करवाचौथ के दिन 04 प्रेमियों के साथ मिलकर पत्नी ने उजड़ा अपना सुहाग , सभी गिरफ्तार

करवाचौथ के दिन 04 प्रेमियों के साथ मिलकर पत्नी ने उजड़ा अपना सुहाग , सभी गिरफ्तार
अमेठी 21 अक्टूबर 2024 - करवा चौथ के एक दिन पहले जहां महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की तैयारी कर रही थीं, वहीं अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र में एक पत्नी ने अपने चार प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या की वजह थी अवैध संबंधों में पति का बाधक बनना। घटना गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के गुवावा पूरे शीतला बक्श की है। आरोप है कि मृतक बद्री प्रसाद लोध की पत्नी राजनीसा के गांव के ही सुभाष, परमानंद, और अनिल से अवैध संबंध थे, जबकि चौथा प्रेमी साहिल पास के गांव अन्नीबैजल का रहने वाला था। 

साहिल, सुभाष का रिश्तेदार था और डीजे चलाने का काम करता था। रजनीसा ने पुलिस को बताया कि उसके पति की तबीयत खराब थी और गले में दर्द होने पर उसने दवा खिलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। लेकिन पुलिस जांच में पता चला कि असल में यह एक सुनियोजित हत्या थी। मृतक की मां की तहरीर के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की और रजनीसा की कॉल डिटेल खंगाली, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। 

पुलिस ने रजनीसा और उसके चारों प्रेमियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए सभी को जेल भेज दिया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात, जब बद्री प्रसाद घर लौटा, रजनीसा ने सुभाष को फोन कर बुलाया और अपने पति को मारने की साजिश रची। सुभाष ने परमानंद, अनिल, और साहिल को भी बुलाया।

तीनों प्रेमियों ने सोते समय बद्री प्रसाद का गला दबा दिया, जबकि रजनीसा और सुभाष बाहर खड़े रहे। बद्री प्रसाद की चीख सुनकर जब ग्रामीण दौड़े, तो सभी ने मिलकर घटना को बीमारी का रूप दे दिया और ग्रामीणों को यह कहकर वापस भेज दिया कि बद्री की तबीयत खराब है।