जयपुर 23 मई 2025 - अंता विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवरलाल मीणा की विधायकी चली गई है. राजस्थानविधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आज कंवरलाल मीणा की विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी है. कंवरलाल मीणा को 20 साल पुराने आपराधिक केस में तीन साल की सजा हुई थी. दो दिन पहले ही मीणा ने सरेंडर किया था. उसके बाद उनको जेल भेज दिया गया था।
कंवरलाल मीणा ने इस सजा के खिलाफ पहले राजस्थान हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया था लेकिन उनको कोई राहत नहीं मिल पाई थी. मीणा की विधायकी चले जाने से राजस्थान में फिर एक सीट खाली हो गई है. अब वहां उपचुनाव होंगे।
कंवरलाल मीणा की जिस केस में विधायकी गई है वह करीब 20 साल पुराना है. यह केस मीणा के विधायक बनने से पहले का है. साल 2005 में मनोहर थाना इलाके के खाताखेड़ी ग्राम पंचायत के उपसरपंच के चुनाव थे. उस समय कंवरलाल मीणा ने पुर्नमतदान की मांग को लेकर तत्कालीन SDM राम निवास पर पिस्टल तान दी थी. फिर बवाल बढ़ा तो मीणा ने बाद में सरकारी वीडियोग्राफी की कैसेट भी तोड़ डाली थी।
इस मामले में मीणा के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया था. पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद उनके खिलाफ अकलेरा कोर्ट में चालान पेश कर दिया था. वहां करीब 15 साल तक इस केस की सुनवाई चली।