जांजगीर चाम्पा 22 अगस्त 2024 - आपराधिक प्रवृत्ति के सरपंच ने साथियों के साथ थाना प्रभारी और आरक्षक की पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार सरपंच आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसका गुंडा रजिस्टर में नाम भी दर्ज है। सरपंच के साथी भी नामी बदमाश है।
मिली जानकारी के अनुसार 18 अगस्त को प्रियांशु सांडे निवासी ग्राम बिरगहनी थाना बलौदा ने बलौदा थाना में शैलेंद्र कुर्रे और उसके साथियों के द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की थी। घटना की तस्दीक करने पर पता चला कि दूसरे पक्ष से शैलेन्द्र कुर्रे एवं अन्य के साथ भी मारपीट हुई है और वे घायल है। जिस पर शैलेंद्र कुर्रे की तरफ से भी थाना बलौदा में मारपीट का अपराध दर्ज किया गया।
शैलेंद्र कुर्रे को डाक्टरी मुलाहिजा कराने बलौदा अस्पताल ले जाया गया था। मुलाहिजा कराकर वापसी के दौरान रास्ते में मुख्य आरोपी प्रियांशु एवं उसके साथी संतानु साण्डे तथा अन्य साथियों के साथ आरक्षक की बाईक को रोकवा कर आहत शैलेन्द्र कुर्रे से गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे।
मारपीट करने से आरक्षक द्वारा मना किया गया तो उसको भी गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। आरक्षक गोवर्धन द्वारा अपने बचाव के लिए बलौदा थाने भागा और घटना के संबंध में TI अशोक वैष्णव को जानकारी दी। जिसके बाद थाना प्रभारी और अन्य स्टाफ घटना स्थल गए। यहां उन्हें दिखा कि आरोपी संतानु साण्डे अपने अन्य साथियों के साथ आहत् शैलेन्द्र कुर्रे को मारते हुए बजरंग चौक तरह आ रहे थे।
जब थाना प्रभारी द्वारा बीच बचाव किया तो उसे भी गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर वहां से भाग गयें। जिसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को पकड़ कर जुलूस निकाला। मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है।