Back to News

दोस्त की पत्नी के साथ अवैध संबंध रखना देवीलाल को पड़ा भारी , मिली खौफनाक मौत

दोस्त की पत्नी के साथ अवैध संबंध रखना देवीलाल को पड़ा भारी , मिली खौफनाक मौत

रतलाम 27 जनवरी 2025 - 21 जनवरी की सुबह केलकच्‍छ मार्ग पर पुल के नीचे पत्‍थरों से कुचली लाश मिली थी। देखते ही लग रहा था कि हत्‍या हुई है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ खुलासा किया कि हत्‍या अवैध संबंधों के चलते की गई है। दोस्‍त की पत्‍नी से नाजायज रिश्‍ता होने के कारण घटना को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों से हत्‍या में उपयोग की गई लोहे की कुल्‍हाड़ी भी बरामद की है। 

लाश की पहचान 45 वर्षीय देवीलाल पिता प्रभु कटारा निवासी देवीपाड़ा बाजना के रूप में हुई। देवीलाल की हत्‍या की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली। इस आधार पर पुलिस ने 32 वर्षीय किरीया पिता तेलिया मावी तथा 20 साल के देवू पिता रावजी कटारा को हिरासत में लेकर सख्‍ती से पूछताछ की। किरीया व देवू ने देवीलाल की कुल्हाड़ी व पत्थरों से कुचलकर हत्या करना कबूल लिया। 

आरोपियों ने बताया कि मृतक देवीलाल का उसकी पत्‍नी से अवैध संबंध था अवैध संबंधों की जानकारी किरीया को लग गई तो उसने अपने दोस्‍त के साथ देवीलाल को मौत के घाट उतार दिया। घटना वाले दिन मृतक देवीलाल शेविंग करवाकर घर लौट रहा था, तब हत्‍या का मुख्‍य आरोपी किरीया अपने साथी देवू के साथ देवीलाल को शराब पिलाने अपने साथ ले गया। तीनों ने छक कर शराब पी।

इसी दौरान आरोपियों ने देवीलाल को पुल के नीचे धक्का दिया और पहले से छिपा कर रखी कुल्हाड़ी से देवीलाल पर हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पत्थर से कुचल कर लाश को पुल के नीचे पाइप में छिपा दिया।