Back to News

छत्तीसगढ़ - भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान , इनकी हुई प्रदेशाध्यक्ष के रूप में ताजपोशी

छत्तीसगढ़ - भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान , इनकी हुई प्रदेशाध्यक्ष के रूप में ताजपोशी

रायपुर 17 जनवरी 2025 - भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष के नाम की घोषणा कर दी गई है। राष्‍ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने यह घोषणा की। किरण सिंहदेव को फिर से पार्टी का अध्‍यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्‍यक्ष के पद के लिए गुरुवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसमें केवल किरण सिंहदेव के नाम से तीन सैट में नामांकन दाखिल किया गया था। 

आज संगठन चुनाव के प्रभारी और राष्‍ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और प्रदेश बीजेपी के प्रभारी नितिन नबीन की मौजूदगी में किरण सिंहदेव की फिर से प्रदेश अध्‍यक्ष के रुप में ताजपेशी की गई। किरण सिंहदेव को फिर से प्रदेश अध्‍यक्ष बनाए जाने के साथ ही यह साफ हो गया है कि अब वे संगठन में ही रहेंगे सरकार में नहीं जाएंगे। पहले सिंहदेव को मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी। कहा जा रहा था कि सिंहदेव संगठन की बजाय सरकार में जाना चाहते हैं। 

किरण सिंहदेव को 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी की कमान सौंपी गई थी। किरण सिंहदेव जगदलपुर सीट से पहली बार विधायक चुने गए हैं। सिंहदेव ने अरुण साव के डिप्‍टी सीएम बनने के बाद प्रदेश अध्‍यक्ष की कमान संभाली। 2023 का विधानसभा चुनाव पार्टी ने अरुण साव के नेतृत्‍व में लड़ा था। 

जानिये.. कौन हैं किरण सिंहदेव 

किरण सिंहदेव बस्‍तर के जमींदार परिवार से तालुक रखते हैं। सिंहदेव बीएससी के बाद एलएलबी की शिक्षा हासिल की है। विधायक और प्रदेश अध्‍यक्ष बनने से पहले वे जगदलपुर नगर निगम के महापौर रह चुके हैं।