Back to News

छत्तीसगढ़ - महिलाओं से भरी ऑटो पलटी , एक महिला की मौत और 06 घायल

छत्तीसगढ़ - महिलाओं से भरी ऑटो पलटी , एक महिला की मौत और 06 घायल

अंबिकापुर 22 अप्रैल 2025 - सरगुजा जिले में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही महिलाओं से भरी ऑटो सलका-उदयपुर मार्ग पर तेज रफ्तार में पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के छह सवार घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती किया गया। वहां से रेफर किए जाने पर महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, उदयपुर ब्लॉक अंतर्गत सलका निवासी नान्ही बाई (50), मामी फूलमती, भाभी लाली, बहन प्रमिला और बेबी, चाची 20 अप्रैल को शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम अमगसी गए हुए थे। शादी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सभी सदस्य ऑटो क्रमांक CG 10 AL 7113 में सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे।

सलका-उदयपुर मार्ग पर चालक ने ऑटो को तेज और लापरवाही से चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो सड़क किनारे पलट गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने संजीवनी 108 की मदद से घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हॉस्पिटल से नान्ही बाई को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।