अम्बिकापुर 29 जनवरी 2025 - अम्बिकापुर के कार्यपालिका यांत्रिक कार्यालय नमना कला में एंटी करप्शन ने छापा मार कर अस्सिटेंट इंजीनियर को घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अस्सिटेंट इंजीनियर का नाम सचिन भगत है सऔर वह लखनपुर डिविजन में पदस्थ है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर बिजली विभाग के कार्यालय में पदस्थ एई सचिन भगत ने केवरी में फ्लाई ऐश प्लांट में बिजली कनेक्शन देने के लिए आवेदक से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत आवेदक ने ACB में करते हुए बताया कि उसने बिजली कनेक्शन के लिए सभी प्रक्रियाएं नियम के तहत पूरी कर ली थी और निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया था।
सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी उसके फ्लाई ऐश प्लांट के लिए बिजली कनेक्शन नहीं लगाया जा रहा था। ACB सरगुजा में शिकायत के बाद रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की प्लानिंग की। AE सचिन भगत ने आवेदन को रिश्वत की रकम लेकर अंबिकापुर के बिजली विभाग के नमनाकला पावर हाउस स्थित कार्यालय में बुलाया था। जहां ACB की टीम ने दबिश देकर रिश्वतखोर AE सचिन भगत को पैसों के साथ रंगेहाथों गिरफ्तार किया।