Back to News

छत्तीसगढ़ - पुलिसकर्मियों की आँखों मे मिर्च पावडर छिड़क कर दो कैदी हुए फरार , पूरे शहर में नाकेबंदी

छत्तीसगढ़ - पुलिसकर्मियों की आँखों मे मिर्च पावडर छिड़क कर दो कैदी हुए फरार , पूरे शहर में नाकेबंदी
जगदलपुर 24 सितंबर 2024 - बस्तर जिले में पुलिस जवानों की आंखों में मिर्च पाउडर छिड़क कर दो कैदी फरार हो गए हैं। हालांकि, कुछ ही देर के भीतर एक को तो पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनो को दंतेवाड़ा कोर्ट से जगदलपुर जेल लाया जा रहा था। इसी बीच परपा थाना के पास इन्होंने ये करतूत की है। 

इनमें से एक का नाम समीर खान है तो वहीं दूसरा अनस खान है। ये दोनों दंतेवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। करीब डेढ़ से दो महीने पहले बस्तर जिले की पुलिस ने इन्हें बाइक चोरी करने के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ये दोनों जगदलपुर के जेल में बंद थे। सोमवार (23) सितंबर को इन्हें पेशी के लिए पुलिस वाहन में दंतेवाड़ा ले जाया गया था। 

दिनभर कोर्ट में थे रात को पुलिस की गाड़ी से दोनों को दंतेवाड़ा से जगदलपुर लाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि जब वाहन परपा थाना के पास पहुंची तो गाड़ी की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर इन्होंने पुलिस जवानों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, जिसके बाद दोनों गाड़ी के दरवाजा का लॉक खोले और फरार हो गए। 

पुलिस ने जिले में नाकेबंदी की। वहीं कुछ देर बाद खेत के पास एक आरोपी समीर खान को बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित अन्य जवानों ने पकड़ लिया जबकि दूसरा आरोपी अनस खान फरार हो गया है। जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।