Back to News

छत्तीसगढ़ - विवादों में घिरी तहसीलदारों की ट्रांसफर लिस्ट , विभागीय मंत्री पर लगा रुपये लेने का आरोप

छत्तीसगढ़ - विवादों में घिरी तहसीलदारों की ट्रांसफर लिस्ट , विभागीय मंत्री पर लगा रुपये लेने का आरोप
रायपुर 14 सितंबर 2024 - तहसीलदारों का तबादला आदेश विवादों में घिर गया है। तहसीलदार संघ ने मंत्री पर गंभीर आरोप लगाये हैं, साथ ही मामले को हाईकोर्ट में भी चुनौती दी गयी है। दरअसल पिछले दिनों राजस्व विभाग के 169 अफसरों का तबादला हुआ था, जिसमें 55 तहसीलदार थे। इस तबादले को लेकर तहसीलदारों ने राजस्व मंत्री पर पैसे लेकर ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मंत्री के बंगले से ये पूरा काम हो रहा है।

कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीलमणि दुबे ने आरोप लगाया है कि महिला तहसीलदार का 9 महीने में 3 बार तबादला किया है। तबादले के लिए 15 लाख रुपए मांगे गए। नीलमणि दुबे का 2 साल में 6 बार ट्रांसफर हो चुका है। हाल के 4 माह में तो उनका 4 बार तबादला किया जा चुका है। वहीं कुछ ऐसे तहसीलदार भी है, जो सालों से एक ही जगह पर हैं, लेकिन उनके तबादले पर विचार नहीं किया जा रहा है।

कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, ट्रांसफर का कोई क्रायटेरिया नहीं रखा गया है। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि, हम हाईकोर्ट के माध्यम से अपनी बात रखेंगे। 3 महीने पहले 150 लोगों की सूची निकली थी। हमारी अपील पर उसे हाईकोर्ट ने निरस्त किया था। लोग विधानसभा चुनाव से 2-3 महीने पहले स्थनांतरित हुए थे। जैसे ही सरकार बदली फिर ट्रांसफर कर दिया गया।