Back to News

छत्तीसगढ़ - बेटे की हत्या कर बेटी पर किया जानलेवा हमला , वारदात के बाद आरोपी पिता ने खाया जहर

छत्तीसगढ़ - बेटे की हत्या कर बेटी पर किया जानलेवा हमला , वारदात के बाद आरोपी पिता ने खाया जहर
कवर्धा 06 सितंबर 2024 - छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 10 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और 20 वर्षीय बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद आरोपी पिता ने खुद भी जहर सेवन कर आत्महत्या करने की कोशिश की. लेकिन समय रहते गंभीर रूप से घायल बेटी और पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है. घटना कवर्धा जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के रेंहुटा गांव की है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेंहुटा गांव निवासी रामफल साहू, जो खेती-किसानी करता है. उसने तीन शादी की है, वह आदतन शराबी है. जिसकी वजह से उसकी बीबियां उसे छोड़कर चली गई हैं. बुधवार की रात करीब 3 बजे नशे में धुत रामफल साहू ने घर में अपनी बेटी मनीषा साहू (20 साल) के गर्दन के पास टंगिया से हमला कर दिया. वहीं घर में सो रहे 10 वर्षीय बेटे को घर से उठाया और गन्ने के खेत में ले जाकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पिता ने खुदकुशी करने की नियत से जहर खा लिया। सुबह जब घर आए पड़ोसी ने बेटी को लहूलुहान हालत में देखा तो मामले की जानकारी गांव वालों को दी और उसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

कुंडा थाना प्रभारी महेश प्रधान ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह आरोपी के पड़ोसियों के जरिए मिली. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पिता और बेटी को जिला अस्पताल में दाखिल कराया. मामले की जांच चल रही है।