Back to News

छत्तीसगढ़ - गड़े खजाने के लालच में आकर सरपंच ने गंवाए 07 लाख , एक साल बाद ठगी का हुआ अहसास

छत्तीसगढ़ - गड़े खजाने के लालच में आकर सरपंच ने गंवाए 07 लाख , एक साल बाद ठगी का हुआ अहसास
कांकेर 21 अक्टूबर 2024 - छत्तीसगढ़ के मरोड़ा गांव के सरपंच लक्ष्मण मंडावी 07 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गया। यह ठगी तंत्र-मंत्र के जरिए गड़ा खजाना निकालने का झांसा देकर की गई। दरअसल बीते वर्ष 2023 में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से कुछ लोग लक्ष्मण मंडावी के घर पहुंचे। उन्होंने सरपंच को विश्वास दिलाया कि उनके खेत में उनके पूर्वजों का गड़ा हुआ सोना छिपा है और वे तंत्र-मंत्र के जरिए इसे बाहर निकाल सकते है।

इन ठगों ने डराया कि अगर यह खजाना नहीं निकाला गया, तो सरपंच के घर में किसी की आकस्मिक मृत्यु हो सकती है। इस डर से घबराए सरपंच ने उनसे उपाय पूछा। ठगों ने बताया कि वे एक शुभ तिथि पर आएंगे और गड़ा खजाना निकाल देंगे।

20 दिसंबर 2023 को वे सरपंच के घर आए, आंगन में तुलसी के पौधे के पास तंत्र-मंत्र किया, और फिर पैसों की मांग की। डर के कारण सरपंच ने पहले तीन लाख पचास हजार रुपये दिए। इसके बाद ठगों ने दोबारा पैसे की मांग की, जिससे उन्होंने एक लाख पचास हजार रुपये और दिए। इस प्रकार अलग-अलग समय पर कुल सात लाख रुपये ठगों को दे दिए गए। सरपंच लक्ष्मण मंडावी ने बताया कि लोक लाज और भय के कारण उन्होंने इस ठगी की बात किसी को नहीं बताई। 

आखिरकार, 18 अक्टूबर को सरपंच लक्ष्मण मंडावी ने बांदे थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। सरपंच के मुताबिक ठगों में प्रवीण शेंगर, अरविंद शेंगर, बंडू शिंदे, युवराज शिंदे, हीरालाल जगताप और राम कृष्ण झरेकर शामिल थे। थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने इस मामले को संज्ञान में लिया और छह ठगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 448, 420 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, और आरोपियों की तलाश जारी है।