Back to News

छत्तीसगढ़ - न्यूड वीडियो के जरिये युवती को ब्लैकमेलकर 02 लाख की वसूली , नामजद FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ - न्यूड वीडियो के जरिये युवती को ब्लैकमेलकर 02 लाख की वसूली , नामजद FIR दर्ज
दुर्ग 28 दिसम्बर 2024 - स्मृति नगर पुलिस ने बाजार चौक उतई के रहने वाले समीर वर्मा और राहुल वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों पर युवती से ठगी और ब्लैकमेलिंग करने का आरोप है। पहले आरोपियों ने अपने पिता की बीमारी का बहाना बनाकर रुपये लिए इसके बाद फिर पीड़िता से रुपयों की मांग की। युवती ने जब रुपये न होने की बात कही, तो आरोपितों ने उसके न्यूड वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब पीड़िता के परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 

पुलिस ने बताया कि आरोपित समीर वर्मा और पीड़िता पूर्व परिचित हैं। दोनों एक स्कूल में पढ़ते थे। चार दिसंबर 2023 को आरोपी समीर ने पीड़िता को फोन कर कहा कि उसके पिता को लकवा मार गया है और ब्रेन हेमरेज हो गया है। उसने इलाज के लिए मदद के तौर पर उससे रुपये मांगे। पीड़िता ने विभिन्न किस्तों में उसे करीब दो लाख रुपये UPI के जरिये ट्रांसफर कर दिए। 

इसके बाद पीड़िता ने रुपये न होने की बात कहते हुए मना किया, तो समीर के बड़े भाई राहुल ने उसे कहा कि उसके छोटे भाई के पास उसकी न्यूड वीडियो है। आरोपी राहुल ने उसे कहा कि यदि वह उन्हें रुपये नहीं देगी, तो वे वीडियो उसके दोस्तों और परिवार वालों के पास भेज देंगे। इस बात की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत ही आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी।