Back to News

छत्तीसगढ़ - PWD कर्मचारी ने की खुदकुशी , सुसाईड नोट में इन्हें बताया मौत के लिए जिम्मेदार

छत्तीसगढ़ - PWD कर्मचारी ने की खुदकुशी , सुसाईड नोट में इन्हें बताया मौत के लिए जिम्मेदार
मुंगेली 30 सितंबर 2024 - मुंगेली जिले में PWD विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी की लाश घर पर फांसी के फंदे पर मिली है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को जांच में एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें मृतक ने खुदकुशी करने से पहले ग्राम पंचायत के जन प्रतिनिधि सहित 7 लोगों पर प्रताड़ना और 2 लाख रूपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना लोरमी के खुड़िया चौकी क्षेत्र की है। 

जानकारी के मुताबिक लोरमी के छपरवा वनग्राम निवासी रामचंद्र सोनी PWD विभाग में गैंगमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही रामचंद्र सोनी अचानकमार टाइगर रिजर्व के अंदर स्थित वनग्राम छपरवा अपने घर आया हुआ था। यहां घर में उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य गोबारीपाट स्थित घर पर थे। 

पुलिस की जांच में मृतक द्वारा 09 सिंतबर को लिखा गया एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने आत्महत्या के पीछे 7 लोगों को जिम्मेदार बताया है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभी इस पूरे प्रकरण को लेकर खुलकर कुछ भी बताने से बच रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इसमें जो भी दोषी है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।