Back to News

छत्तीसगढ़ - जिला हॉस्पिटल में पदस्थ नर्स की सड़क हादसे में मौत , पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ - जिला हॉस्पिटल में पदस्थ नर्स की सड़क हादसे में मौत , पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग 01 दिसम्बर 2024 - दुर्ग शहर में RTO ऑफिस के पास एक सड़क हादसे में जिला अस्पताल में पदस्थ नर्स की मौत हो गई। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। हादसे में मृत नर्स का नाम संध्या यादव है, जो शनिवार की शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद स्कूटी से घर के लिए निकली थी। इस दौरान रास्ते में खालसा स्कूल के पास तिब्बत मार्केट गई। जहां उसने बच्चों के लिए स्वेटर ख़रीदा, लेकिन जब वह घर पहुंची तो बच्चों ने रंग पसंद नहीं आने की बात कही, इसके बाद संध्या घर की नौकरानी के साथ स्कूटी पर बैठकर स्वेटर बदलने चली गई।

स्वेटर बदलने के बाद दोनों RTO से जेल रोड होते हुए अपने घर जा रही थीं। RTO ऑफिस के सामने पानी की पाइपलाइन फूटने की वजह से निगम ने वहां मरम्मत के बाद गड्ढा खोदकर छोड़ दिया था। सुरक्षा संकेत नहीं होने की वजह से संध्या हड़बड़ा गई और उसकी गाड़ी का पहिया फिसल गया। 

इस दौरान नौकरानी गड्ढे की तरफ गिरी, लेकिन संध्या सड़क की तरफ गिरी और उसी समय पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद संध्या को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने अधिक खून बहने की वजह से उनकी मौत की पुष्टि की। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।