दुर्ग 23 नवम्बर 2024 - एन्टी करप्शन ब्यूरों ने रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। थाना स्मृति नगर में पदस्थ प्रधान आरक्षक ने केस रफा-दफा करने के एवज में 20 हजार की रिश्वत की मांग की थी। ACB की टीम ने आज हेड कांस्टेबल रामकृष्ण सिन्हा को पीड़ित से 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है।
दरअसल, शिकायतकर्ता बी-फार्मा का विद्यार्थी है जो नेहरू नगर दुर्ग में रहता है। उसने ACB रायपुर में शिकायत की थी कि उसका कुछ दिन पूर्व एक विवाद हुआ था जिसकी शिकायत थाने में लंबित थी। जांच दौरान प्रधान आरक्षक रामकृष्ण सिन्हा से मुलाकात करने पर शिकायत को नस्तीबद्ध करवाने के एवज में उसके द्वारा 20 हजार रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि प्रधान आरक्षक रामकृष्ण सिन्हा को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
शिकायत की जाँच के बाद आरोपी प्रधान आरक्षक ने 10,000 लेने को सहमत हुआ। सत्यापन पश्चात् आज ट्रेप आयोजित कर आरोपी प्रधान आरक्षक रामकृष्ण सिन्हा को 10,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। प्रकरण में आरोपी के विरूद्ध धारा-7 पीसी एक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।