Back to News

छत्तीसगढ़ - पत्नी की हत्या कर लाश को बोरे में भरा , ठिकाने लगा पाता उससे पहले हुआ गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ - पत्नी की हत्या कर लाश को बोरे में भरा , ठिकाने लगा पाता उससे पहले हुआ गिरफ्तार
दुर्ग 21 सितंबर 2024 - दुर्ग जिले में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी का गला घोंटा, फिर लाश को बोरी में डाल कर रख दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घरेलू विवाद में वारदात को अंजाम दिया है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप भवन के पीछे झुग्गी बस्ती का है। 

जानकारी के मुताबिक मृतिका का नाम आरती गोड़ (32) है वहीं पति का नाम संजय गोड़ (36) है। दोनों के बीच गुरुवार रात को विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी पति गुस्से में आ कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। 

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतका के पिता गणेश विश्वकर्मा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आरोपी संजय गोड़ अपने ससुराल में रहता था। वह रुआबांधा बस्ती का रहने वाला है। 11 साल पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद उसने दूसरी शादी की थी।

पहली पत्नी से उसका एक बच्चा है, जबकि आरती से उसके दो बच्चे हैं। संजय के दोनों बड़े बच्चे दादा दादी के पास रुआबांधा में रहते हैं, जबकि 3 साल के छोटे बच्चे के साथ वह अपने ससुराल में रह रहा था। फिलहाल भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।