जशपुर 24 सितंबर 2024 - छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का मुद्दा समय-सयम पर उठता रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले भी धर्मांतरण को लेकर जमकर बवाल मचा था। इस मुद्दे को लेकर पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी की थी। इसी कड़ी में जशपुर से भाजपा विधायक रायमुनि भगत ने ईसाई धर्म को मानने वालों और प्रभु यीशु मसीह को लेकर ऐसा बयान दिया कि सियासी गलियारे में बवाल मच सकता है। विधायक रायमुनि भगत का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में नजर आ रहा हैं कि भाजपा विधायक रायमुनि भगत किसी कार्यक्रम में पहुंचीं हैं। इस दौरान भाजपा विधायक भगत ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज ईसाई लोग अल्पसंख्यक होने के डर से अपने आप को सबसे बड़ा आदिवासी मान रहे हैं। मैं इस मंच के माध्यम से कहीं अगर सुन रहे हों तो अपनी बात पहुंचाना चाहती हूं। जो लोग अपने आपको यीशु मसीह की औलाद समझते हैं, वो ये जान लें कि यीशु मसीह वो यीशु मसीह हैं जो अपने आप को सूली पर ठोंक दिए थे। उन्होंने आगे कहा कि लहु लुहान उसको कोड़ा मारते-मारते पहाड़ पर चढ़ा दिए, जो खुद को नहीं बचा पाया वो हमें क्या बचाएगा?
विधायक रायमुनि ने आगे कहा कि मरा आदमी क्या जी उठता है? अगर जी उठते तो दुनिया में सब जी ही जाते।” “हम तो मर रहे हैं, लेकिन ईसाइयों का तो मरघट ही नहीं होना चाहिए, मरते ही नहीं तो मरघट कहां रहता? जहां देखो वहां सफेद-सफेद लीप-पोत देते हैं। अब भाई हम तो हिन्दू लोग मरघट को लीपने नहीं जाते हैं, वो लोग तो लीपते हैं, अगरबत्ती जलाते हैं, फूल चढ़ाते हैं। तो वो लोग भूत को मानते हैं, हम तो नहीं मानते हैं। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या मैं गलत कह रही हूं? वो लोग रोज जी उठेंगे कहकर मरघट में जाते हैं।
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब किसी नेता ने ईसाई धर्म को लेकर बयान दिया है। इससे पहले कांग्रेस विधायक कविता प्राण लहरे ने भी ईसाई धर्म को मानने के लिए बड़ा बयान दिया था। उन्होंनें कहा था कि ”जय मसीह की, प्रभु यीशु मसीह की जय हो। मैं छत्तीसगढ़ से 11 दिसंबर 2022 को प्रभु के दास प्रोफेट बजिंदर सिंह के पास आई थी। मैं गरीब परिवार की बेटी थी, मेरे पास कुछ भी नहीं था, ना तो गाड़ी थी, ना ही मकान था। प्रोफेट बजिंदर सिंह जी ने मुझे हैंड प्रेयर करवाया और कहा कि बेटी तू चिंता ना कर 2023 में प्रभु यीशु मसीह तुझे बहुत बड़ा पद देने जा रहे हैं और मैं विधायक बनी।”