बिलासपुर 27 नवम्बर 2024 - तिफरा थाना क्षेत्र के परसदा में रहने वाले भाजपा नेता और कोयला व्यवसायी ने आत्महत्या कर ली है। कुछ दिनों से उनका व्यवसायिक लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इससे वे परेशान थे। इसी कारण उन्होंने मंगलवार को जहर खा लिया। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर गए। अपोलो अस्पताल में उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। बुधवार को शव का पीएम कराया जाएगा।
सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि तिफरा के परसदा में रहने वाले नरेंद्र कौशिक ट्रांसपोर्टर थे। जहर सेवन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। स्वजन ने उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई। अपोलो प्रबंधन ने इसकी सूचना रात करीब 11 बजे थाने में दी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। बुधवार को स्वजन की मौजूदगी में शव का पीएम कराया जाएगा। स्वजन से पूछताछ में घटना का कारण स्पष्ट होगा। बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्टर नरेश कौशिक कोयले का भी व्यवसाय करते थे। उनका कुछ लोगों से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके कारण से वे पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। आगे की जांच में मामला स्पष्ट होगा।