रायपुर 13 सितंबर 2024 - एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को चार जिलों में एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान 1.76 लाख की रिश्वत के साथ पांच अधिकारियों - कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। GPM में लोकपाल , कवर्धा में सहायक लेखा अधिकारी , महासमुंद में महिला उप पंजीयक व सहयोगी और रायगढ़ में शिक्षा विभाग के बाबू को दबोचा गया है।
बिलासपुर की ACB इकाई ने रायगढ़ में चार लाख का बिल पास कराने के लिए 25 हजार की रिश्वत मांग रहे शिक्षा विभाग के बाबू ओमप्रकाश नवरतन को पकड़ा।
GPM (गौरेला पेंड्रा मरवाही) जिले के गौरेला जनपद पंचायत में पदस्थ लोकपाल वेद प्रकाश पांडेय को 25 हजार की रिश्वत के साथ पकड़ा। यहां पदस्थ कार्यक्रम अधिकारी रोशन शराफ ने शिकायत की थी। अमृत सरोवर निर्माण कार्य में अनियमितता की जांच कर रहे लोकपाल ने रिश्वत मांगी थी।
कवर्धा में बोडला जनपद पंचायत के सहायक लेखा अधिकारी नरेंद्र कुमार राउतकर ने आंगनबाडी भवन निर्माण का बिल पास कराने के लिए एक लाख की रिश्वत मांगी थी, इसलिए उनको रंगे हाथ दबोचा गया।
महासमुंद जिले में सरायपाली की उप पंजीयक पुष्पलता लिली बेग रजिस्ट्री के एवज में 26 हजार की रिश्वत लेते पकड़ी गई। उसके सहयोगी शत्रुधन तांडी को भी पकड़ा गया। कवर्धा और महासमुंद मामले में आरोपितों की संपत्ति की जांच जारी है। अनुमान है कि दोनों ने आय से अधिक संपत्ति बनाई है।