Back to News

छत्तीसगढ़ - यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी , हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल

छत्तीसगढ़ - यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी , हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल
बालोद 04 नवम्बर 2024 -  डौंडीलोहारा में एक यात्रियों से भरी बस लोहे की रेलिंग से टकराते हुए पांच फीट नीचे पलट गई। हादसा तब हुआ जब बस दुर्ग से डौंडीलोहारा की ओर जा रही थी। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से सभी को चोटें आई हैं। 

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। बस के कंडक्टर को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र की पुलिस, SDM, और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।  जांच में यह बात सामने आई है कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक बस चला रहा था, जिससे यह दुर्घटना घटी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। 

प्रशासन ने घायलों की मदद के लिए तुरंत एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भेजा। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।