Back to News

छत्तीसगढ़ - झगर राम और ज्वाला प्रसाद सहित 1850 लोगो को चुनाव लड़ने में होगी दिक्कत

छत्तीसगढ़ - झगर राम और ज्वाला प्रसाद सहित 1850 लोगो को चुनाव लड़ने में होगी दिक्कत
बिलासपुर 19 दिसम्बर 2024 - जिला अंत्यावसायी विकास सहकारी समिति से लोन लेकर बकाया राशि नहीं चुकाने वाले हितग्राही आगामी नगरीय निकाय या पंचायत चुनाव लड़ने से वंचित हो सकते हैं। लोन न चुकाने वाले 1,850 हितग्राहियों की सूची जिला अंत्यावसायी विकास सहकारी समिति ने जारी की है।

कर्ज न चुकाने वाले हितग्राहियों ने अगर चुनाव लड़ने के लिए नामांकन जमा किया, तो ऋण राशि जमा नहीं करने पर इनका नामांकन रद्द हो सकता है। दरअसल आगामी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को देखते हुए जिला अंत्यावसायी विकास सहकारी समिति के अधिकारियों ने कर्ज लेने के बाद राशि अदा नहीं करने वालों की शिकायत कलेक्टर से की थी।

विषय की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अवनीश शरण ने जिले के सभी नगरीय निकायों के CMO , निगम आयुक्त और जनपद पंचायतों के CEO को बकायादारों की सूची सौंपी है। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों के फार्म पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि इन उम्मीदावारों के नामांकन फार्म में यदि लोन चुकाने का NOC संलग्न न हो, तो इनके फार्म को निरस्त कर दिया जाए।

अंत्यावसायी विकास सहकारी समिति के कार्यपालन अधिकारी लक्ष्मी कश्यप के अनुसार जिले में कुल 1,850 बकायादार हितग्राही हैं, जिन्होंने अलग-अलग वर्षों में लोन लेकर राशि का भुगतान नहीं किया है। इनमें से अधिकांश लोन 20 से 25 साल तक पुराने हैं। जिले में इन बकाया दारों पर कुल 10 करोड़ की वसूली बाकी है।

ये हैं बड़े बकायेदार..

01 - झगर राम, ग्राम मटियारी ने ट्रैक्टर ट्राली के लिए 04, 20, 900 रुपये का लोन लिया था। 66 हजार जमा किए और 4,30,662 रुपये बाकी।

02 - संजय कुमार टोप्पो, ग्राम सकरी ने मिनी बस खरीदने के लिए 7,87,550 रुपये का लोन लिया था। 1,61,518 का भुगतान किया, 7,67,791 रुपये बाकी।

03 - सोहनलाल, ग्राम डोडकी पो रिस्दा ने 7,87,550 रुपये का लोन मिनी बस खरीदने के लिए लिया था। केवल 60 हजार अदा किए हैं, 8,69,309 लाख रुपये बाकी।

04 - कुलदीप बंजारे, गणेश नगर चुचुहियापारा ने जीप टैक्सी के लिए 5,74,750 रुपये का लोन लिया था। 5,18,900 अदा किया व 1,59,301 रुपये बाकी।

05 - विनोद कुमार, डिपरापारा तिफरा ने मिनी ट्रक खरीदने 7,45,750 रुपये का लोन लिया था। 14 साल में मात्र 1,62,000 ही जमा किया, 6,97,985 बाकी।

06 - ज्वाला प्रसाद, मंगला ने गुड्स कोरियर के नाम पर 2013 में 3,32,500 का कर्ज लिया था। 2,28,000 लोन पटाया है व 1,64,350 रुपये बाकी।