बाराबंकी 17 अक्टूबर 2024 - अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर भतीजे ने अपनी ही चाची पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के 8 दिन के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी भतीजे और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना असंद्रा थाना क्षेत्र के नसीपुर मंजरे के मंसारा का है।
दरअसल 09 अक्टूबर को खेत में 42 वर्षीय महिला की लाश मिली थी। मृतका के चेहरे और गर्दन पर चाकू के कई निशान थे। मौका-ए-वारदात पर चाकू भी बरामद कर लिया गया था। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी भतीजे श्रवण कुमार और उसके दोस्त राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी भतीजे श्रवण ने बताया कि उसका अपनी चाची के साथ पिछले 10 वर्षों से अवैध संबंध था। पर कुछ समय पूर्व उसकी शादी हो गई। इसके बाद भी चाची उस पर बार-बार अवैध संबंध बनाने और पैसे देने का दबाव डालने लगी। इनकार करने पर झगड़ा करती और परिवार को सारी बातें बताने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगी।
श्रवण ने बताया कि उसने अपने दोस्त राजेंद्र के साथ मिल कर चाची की हत्या करने की योजना बनाई। 9 अक्टूबर की रात उसने चाची को मिलने के लिए खेत में बुलाया और राजेंद्र को निगरानी करने के लिए बाहर खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने चाची पर चाकू से कई वार करते हुए मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद चाकू काे नहर के पास झाड़ी में छिपा दिया। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।