Back to News

एक और बड़ा रेल हादसा - मालगाड़ी के 27 डिब्बे पटरी से उतरे , रेल परिचालन हुआ ठप्प

एक और बड़ा रेल हादसा - मालगाड़ी के 27 डिब्बे पटरी से उतरे , रेल परिचालन हुआ ठप्प
मथुरा 19 सितंबर 2024 - मथुरा में बुधवार की शाम रेल हादसा हो गया। मथुरा-दिल्ली रेल मार्ग पर वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन के निकट एक मालगाड़ी पलट गयी। 27 डिब्बे पटरी से उतर गए। इसके कारण मथुरा - दिल्ली के बीच रेल यातायात लगभग ठप हो गया है। 12 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। मथुरा-दिल्ली के बीच 10:30 बजे चौथी लाइन चालू कर दी गई, अन्य तीनों लाइनों पर रेल यातायात ठप है। सूचना मिलने पर रेलवे की राहत टीम और अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जाएगी।

जानकारी के अनुसार मालगाड़ी नंबर एसटीपीबी झारखंड से सूरतगढ़ थर्मल प्लांट के लिए कोयला लेकर जा रही थी। इस गाड़ी में 59 डिब्बे थे। रात करीब 07:54 बजे जब यह गा़ड़ी वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन से करीब 800 मीटर आगे निकली तो गाड़ी पटरी से उतर गयी। इंजन के पीछे के करीब 27 डिब्बे पटरी से उतर गये। पटरी से उतरे डिब्बे अप, डाउन और थर्ड लाइन पर भी गिरे। 

मालगाड़ी पटरी से पलटने की जानकारी मिलते ही रेलवे में हड़कंप मच गया। तुरंत ही राहत ट्रेन मौके की ओर रवाना कर दी गई। रेलवे के DRM और स्टेशन डायरेक्टर मौके पर पहुंच गये। मौके पर देखा गया कि इंजन की कपलिंग टूटी हुई थी और उसके पीछे के करीब 27 डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे।

मालगाड़ी पलटने के कारण तमाम खंभे टूट गये हैं और OHE लाइन टूट गई है। मथुरा-दिल्ली के बीच रेलवे के चार ट्रैक हैं। इस घटना के कारण अप और डाउन ट्रैक के अलावा तीसरी लाइन पर भी असर पड़ा है। इन तीनों ट्रैकों पर यातायात ठप हो गया। चौथे ट्रैक पर तो इसका कोई असर नहीं दिखा है।