मउ 11 सितंबर 2024 - रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र एक गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्कूल जा रही एक छात्रा का तीन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद वो उसे सुनसान जगह बने एक कमरे में ले गए और उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसकी बेटी 7 सितम्बर को सुबह अपने स्कूल गांधीनगर इंटर कॉलेज में पढ़ने जा रही थी। जैसे ही वह पहाड़ीपुर खिरिया के पास पहुंची उसी समय छहतरा निवासी अरुण यादव गाड़ी लेकर पहुंचा, और उसकी बेटी को स्कूल छोड़ने के बहाने जबरदस्ती बाइक पर बिठा लिया।
वहां से वह उसकी बेटी को सुनसान जगह बने एक घर में ले गया और उसके साथ रेप किया। उसके दो और साथी हरिवंश यादव और अनीश यादव भी उसके साथ मौजूद थे। वो दोनों बाहर पहरा दे रहे थे। रेप के बाद उन्होंने उसकी बेटी को एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया और खुद फरार हो गए।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां ने तहरीर दी है जिसमे तीन लोगों को आरोपी बनाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।