मुंबई 04 अक्टूबर 2024 - मंत्रालय में आज उस समय अचानक अफरातफरी मच गई जब सत्तारुढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-अजित पवार गुट) के विधायक व विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नरहरी झिरवल ने मंत्रालय की तीसरी मंजिल से सीधे नीचे छलांग लगा दी। हालांकि, नीचे रक्षा जाल होने की वजह से उनकी जान बच गई। झिरवाल के साथ 2 विधायक भी कूदे थे गनीमत रही कि वह भी जाली पर ही अटक गए।
इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने उन्हें बाहर निकाला। वहीं ऊंचाई से गिरने के कारण नरहरि झिरवल का ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। उनकी सेहत की जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम भी मंत्रालय पहुंची फिलहाल उन्हे मंत्रालय में ही सुरक्षा के बीच उन्हें एक जगह पर बिठा दिया गया है।
यह भी खबर है कि झिरवाल के कूदने से पहले से उन्होंने कुछ विधायकों के साथ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से एक मुलाकात की थी। लेकिन उनकी यह बैठक नाकाम रही थी। इसके बाद झिरवाल समेत 2 विधायक इमारत से ही निचे कूद गए।
जानकारी के मुताबिक विधायक नरहरी झिरवाल धनगर समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) कोटे से आरक्षण देने का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। देखा जाए तो वे अपनी ही सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं।